कांवड़ मेला-2026 के मद्देनजर मंगलवार को कोतवाली रानीपुर परिसर में प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में एक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में विशेष पुलिस अधिकारी (SPO), सीएलजी सदस्य, स्थानीय व्यापारी, दुकानदार, होटल और ढाबा संचालक शामिल हुए। इस दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी और गैस प्लांट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चरण सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील
बैठक में पुलिस ने सभी से कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों और होटल संचालकों को दिए अहम निर्देश
पुलिस ने सभी व्यापारियों और दुकानदारों को अपनी दुकानों पर खाद्य एवं अन्य वस्तुओं की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण को समय रहते स्वयं हटाने की भी अपील की गई।
होटल और ढाबा संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर प्रोपराइटर का नाम अंकित बोर्ड लगाने तथा बिना वैध पहचान पत्र और मोबाइल नंबर दर्ज किए किसी भी व्यक्ति को ठहराने से मना किया गया।
मांस-मदिरा पर सख्ती
पुलिस ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी होटल, ढाबे या दुकान पर मांस और मदिरा का सेवन या बिक्री नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा किसी भी दुर्घटना, विवाद, शांति भंग या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा एसपीओ से पूर्व की तरह इस वर्ष भी मेले के दौरान पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

