उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने रविवार को कोटद्वार के उपजिलाधिकारी संदीप कुमार से अपने निम्बूचौड़ स्थित आवास पर मुलाकात की. इस दौरान क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
गैस आपूर्ति सामान्य रखने के निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गैस एक आवश्यक वस्तु है और इसकी उपलब्धता आम जनता के लिए लगातार बनी रहनी चाहिए. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध डायवर्जन जैसी गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाए.
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

अफवाहों से दूर रहने की अपील
ऋतु खण्डूड़ी ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि गैस को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गैस आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
विभागों के समन्वय पर जोर
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें. इससे क्षेत्र में गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकेंगे.


