पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड द्वारीखाल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र सतपुली में बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने का संदेश देना था.
नवजात बेटियों का केक काटकर स्वागत
कार्यक्रम के दौरान तीन नवजात बालिकाओं मनस्वी, रामिया और वामिका का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया गया. इस अवसर पर परिवारों और उपस्थित लोगों ने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
बेबी किट वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम
लाभार्थियों को बेबी किट वितरित की गई. साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया.
महिला अधिकारों पर दी गई जानकारी
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलबी मनीष खुगशाल ने महिला अपराध, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए विभिन्न कानूनों के बारे में विस्तार से बताया.
बेटियों के सम्मान का दिया संदेश
इस आयोजन के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान बढ़ाने और उनके जन्म को खुशी के रूप में मनाने का मजबूत संदेश दिया गया. स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की.
अधिकारी और स्थानीय लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति अरोड़ा, सुपरवाइजर गीता सैलानी, नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, अधिशासी अधिकारी पूनम सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्री और स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं.


