श्रीनगर: एसएसबी फायरिंग रेंज के पास जंगल में लगी आग को फायर सर्विस की टीम ने समय रहते काबू में कर लिया. इससे आसपास की आवासीय बस्ती को बड़े नुकसान से बचा लिया गया.
रात में मिली आग लगने की सूचना
फायर विभाग के अनुसार 11 मार्च 2026 की रात फायर यूनिट श्रीनगर को MDT के माध्यम से सूचना मिली कि पराग डेरी के पास जंगल में आग लगी हुई है और वह तेजी से फैल रही है. सूचना मिलते ही प्रभारी फायर यूनिट के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई.
एसएसबी फायरिंग रेंज के पास लगी थी आग
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि आग एसएसबी फायरिंग रेंज के पास जंगल क्षेत्र में लगी हुई थी और तेजी से फैलते हुए नजदीकी आवासीय बस्ती की ओर बढ़ रही थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी.
पंपिंग और बीटिंग मेथड से बुझाई आग
फायर टीम ने MFE के माध्यम से पंपिंग शुरू की. साथ ही फायर कर्मियों ने बीटिंग मेथड यानी झाड़ियों और टहनियों से मारकर आग बुझाने की तकनीक का इस्तेमाल किया.
समय रहते टला बड़ा हादसा
फायर टीम की त्वरित प्रतिक्रिया और लगातार प्रयासों से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया. समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के आवासीय इलाके में संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया.


