पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार तहसील परिसर में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का लोकार्पण किया गया. यह केंद्र भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और भारतीय डाक विभाग के सहयोग से शुरू किया गया है.
कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्घेरिटा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. उनके साथ गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण भी उपस्थित रहे.
लाभार्थियों को मिले पासपोर्
कार्यक्रम के दौरान 12 आवेदकों के पासपोर्ट तैयार कर मुख्य अतिथि द्वारा उन्हें वितरित किए गए. इससे लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला.
पबित्रा मार्घेरिटा ने अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली भाषा में की. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विदेश संबंधी सेवाओं को आम लोगों तक सरल और सुलभ बनाना है.
उन्होंने बताया कि देशभर में अब तक 453 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित किए जा चुके हैं. यह पहल “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास” के मंत्र के तहत विकसित भारत की दिशा में एक अहम कदम है.
देहरादून जाने की जरूरत होगी कम
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस केंद्र के खुलने से लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी.
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की विदेश नीति मजबूत हुई है और विदेशों में फंसे 250 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया गया है, जिनमें उत्तराखंड के लोग भी शामिल हैं.

क्षेत्र के विकास से जुड़ी घोषणाएं
अनिल बलूनी ने कण्वाश्रम के विकास के लिए भव्य स्मारक बनाने की बात कही. साथ ही चिल्लरखाल–लालढांग मोटर मार्ग और कंडी मोटर मार्ग को रामनगर से जोड़ने की योजना पर भी काम चल रहा है.
उन्होंने कहा कि कोटद्वार से वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रयास किया जाएगा और पौड़ी को जोड़ने के लिए सुरंग निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है.
जनहित की मांगें भी उठीं
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने क्षेत्र की प्रमुख मांगों को उठाया. इनमें पीजीआई स्तर के अस्पताल की स्थापना, कोटद्वार रेलवे स्टेशन का नाम “कण्वनगरी स्टेशन” रखने और नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग शामिल है.
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य, पर्यटन और परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी.
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया.
यह पासपोर्ट सेवा केंद्र कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए एक बड़ी राहत और सुविधा के रूप में देखा जा रहा है.

