देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. कई राज्यों में गरज-चमक और आंधी के साथ मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है. उत्तर भारत की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 26 मार्च को हल्की बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तराखंड में 27 मार्च को इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा. इसके अलावा 28 से 30 मार्च के बीच इन क्षेत्रों में एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिससे ठंड फिर बढ़ सकती है.
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है. 26 मार्च को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं 27 मार्च को उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह का असर देखने को मिलेगा. 29 और 30 मार्च को इन क्षेत्रों में फिर से बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. पूर्वोत्तर भारत में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 25, 27 और 28 मार्च को कई स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी. वहीं 27 और 28 मार्च को इन इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है. नागालैंड में भी 28 मार्च को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
पूर्वी भारत में भी मौसम का असर साफ दिखेगा. बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 27 से 29 मार्च के बीच बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. खासतौर पर सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 मार्च को आंधी, ओलावृष्टि और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
मध्य भारत के राज्यों जैसे छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 26 और 27 मार्च को हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. वहीं पश्चिम भारत में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है.
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर बना रहेगा. केरल में 25 और 26 मार्च को गर्म और उमस भरा मौसम भी लोगों को परेशान कर सकता है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण कई क्षेत्रों में अस्थायी राहत भी मिल सकती है.
कुल मिलाकर देशभर में मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां तेज हवाएं, आंधी और भारी बारिश की संभावना है.


