पौड़ी गढ़वाल में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया.
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को जनपद में कुल 37 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. इस दौरान श्रीनगर क्षेत्र में 2 गैस गोदाम, कोटद्वार में 2 गैस गोदाम और 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठान, पौड़ी क्षेत्र में 1 गैस गोदाम, चाकीसैंण में 1 पेटी डीजल डीलर, सतपुली में 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठान और नौगांवखाल-पोखड़ा क्षेत्र में 1 गैस गोदाम सहित 10 प्रतिष्ठानों की जांच की गई.
अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभी संचालकों को स्टॉक और वितरण से संबंधित अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना एजेंसियों की जिम्मेदारी है.
कालाबाजारी पर कड़ी नजर
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि एलपीजी गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है. यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अभियान जारी रहेगा
प्रशासन ने साफ किया है कि यह निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और अन्य विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे.


