दिल्ली से अल्मोड़ा के एक गांव में आई बारात से लौट रहे लोगों की कार गुरुवार को अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में 11 माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई. जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में मासूम के माता पिता भी शामिल हैं.
सोमेश्वर थाना पुलिस के अनुसार बुधवार को ताकुला ब्लॉक के झिझाड़ गांव निवासी हरीश राम की बेटी की शादी थी. बारात दिल्ली के उत्तम नगर से आई थी. बारात में दो बसें और चार कारें शामिल थीं. दूल्हा पक्ष के कई लोग मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के ही ईसलना गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ बाराती कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बसौली क्षेत्र के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा.
बच्चे समेत तीन की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने 44 वर्षीय मंजू देवी पत्नी गोपाल राम निवासी कांडे ताकुला, 50 वर्षीय दिनेश राम पुत्र तिल राम निवासी झिझाड़ ताकुला और 11 माह के मासूम रिहान को मृत घोषित कर दिया.
रिहान की 23 वर्षीय मां जया और उसके पिता महेश निवासी थपलिया घायल हैं. इनके अलावा वाहन चालक गोपाल राम निवासी कांडे गांव, संजय और अर्जुन निवासी फतेहपुर बेरी साउथ दिल्ली भी घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज चल रहा है.
मामले में जांच जारी
एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ग्रामीणों ने की मदद
हादसे के बाद बसौली गांव के ग्रामीण देवदूत बनकर सामने आए. जैसे ही दुर्घटना की खबर फैली, गांव के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े. कई महिलाओं ने साहस दिखाते हुए कार के शीशे तोड़े और अंदर फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की. आसपास की झाड़ियों को हटाकर रास्ता बनाया गया.
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश सिंह बिष्ट ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. तब तक ग्रामीण घायलों को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक ले आए थे. इसके बाद सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया.
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सावधानी और सुरक्षित ड्राइविंग की जरूरत को याद दिलाता है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें.


