उत्तराखंड में मौसम फिलहाल ज्यादातर शुष्क बना हुआ है, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार 27 और 28 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या हिमपात हो सकता है. वहीं प्रदेश के अन्य सभी जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.
मैदानी क्षेत्रों में दिनभर धूप खिलने की संभावना है, जिससे ठंड से राहत मिल सकती है. पहाड़ी इलाकों में भी मौसम सामान्यतः साफ रहेगा, हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.
कई इलाक़ों में बर्फबारी के आसार
प्रदेश के ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में शीतलहर का प्रभाव जारी है. मुनस्यारी में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा गंगोत्री में माइनस 21 डिग्री, बद्रीनाथ में माइनस 17 डिग्री, हर्षिल और हेमकुंड में माइनस 16 डिग्री, केदारनाथ में माइनस 12 डिग्री और यमुनोत्री में माइनस 10 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?
देहरादून सहित मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 1 मार्च को पूरे राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है.


