दिल्ली से लेकर उत्तराखंड तक देशभर के मिजाज़ बदल रहा है. मार्च के महीने में हल्की-हल्की ठंड महसूस हो रही है. दिल्ली और उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों के लिए बारिश की संभावना जताई गई है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पहाड़ी राज्यों में मार्च में भी कहीं-कहीं बर्फबारी हो रही है. दिल्ली में अगले 2 दिन बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.
देशभर में 26 से 30 मार्च के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं का असर रहेगा, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है. उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 29 और 30 मार्च को इन क्षेत्रों में 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है.
इन राज्यों में बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 27 से 29 मार्च के बीच भारी बारिश का अलर्ट है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इस दौरान बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. पूर्वी भारत के बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 मार्च को आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. झारखंड और ओडिशा में 27 और 28 मार्च को बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
मध्य भारत के छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों, खासकर महाराष्ट्र में भी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. दक्षिण भारत के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में अगले चार दिनों तक हल्की बारिश, बिजली और तेज हवाओं का असर बना रहेगा. इसके साथ ही कुछ तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम भी देखने को मिल सकता है.
तापमान में आएगी गिरावट
तापमान की बात करें तो उत्तर भारत में पहले 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. मध्य और पूर्वी भारत में हल्की बढ़ोतरी के बाद तापमान स्थिर रहने का अनुमान है.


