पौड़ी गढ़वाल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कोटद्वार स्थित केंद्रीय विद्यालय में प्रबंधन समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की पढ़ाई, संसाधन और सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई और इसे आदर्श शिक्षण संस्थान बनाने के निर्देश दिए गए।
बच्चों से संवाद, सपनों को मिली नई दिशा
बैठक से पहले डीएम ने छात्रों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य के लक्ष्य के बारे में जाना। बच्चों के आत्मविश्वास और उत्साह को देखकर उन्होंने उन्हें पढ़ाई के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सुविधाओं का विस्तार, स्मार्ट क्लास पर फोकस
जिलाधिकारी ने कक्षाओं, शिक्षकों की उपलब्धता और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने खाली पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर और प्रिंटर की स्वीकृति भी दी गई, जिससे डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
CCTV, इन्वर्टर और फर्नीचर की व्यवस्था
विद्यालय प्रबंधन द्वारा रखी गई मांगों पर डीएम ने CCTV कैमरे, डेस्क और इन्वर्टर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके लिए जिला प्रशासन से बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
प्ले एरिया और चिल्ड्रन पार्क होगा विकसित
विद्यालय में बच्चों के लिए प्ले एरिया और चिल्ड्रन पार्क बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है। इसके लिए जल्द प्रस्ताव बनाकर कार्य शुरू किया जाएगा।
कमजोर छात्रों को मिलेगा सहयोग
डीएम ने निर्देश दिए कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पहचान कर उन्हें अधिकारियों द्वारा गोद लेकर शिक्षा में मदद दी जाए, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रहे।
मिड-डे मील के लिए टीन शेड का प्रस्ताव
बैठक में राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी की ओर से मिड-डे मील के लिए टीन शेड बनाने की मांग रखी गई, जिस पर संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
विद्यालय में शुरू हो चुकी हैं गतिविधियां
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या ने बताया कि स्कूल 12 जून 2025 से संचालित हो रहा है और विभिन्न सदनों के माध्यम से छात्रों में नेतृत्व और अनुशासन विकसित करने के लिए गतिविधियां कराई जा रही हैं।


