उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अत्यंत तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है।
21 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी रहेगा। रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
देहरादून में स्कूल बंद, लोगों से सतर्क रहने की अपील
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। शुक्रवार शाम हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


