उत्तराखंड सरकार प्रदेश में सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में चीला-पशुलोक मोटर मार्ग पर बीन नदी के ऊपर 150 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी पुल का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत करीब ₹23.09 करोड़ की लागत से बन रहा यह पुल क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करेगा।
डीएम कर रहीं नियमित निगरानी
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया परियोजना की लगातार समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की नियमित निगरानी के चलते परियोजना तय लक्ष्य के अनुसार आगे बढ़ रही है।
निर्माण कार्य अंतिम चरणों की ओर
लोक निर्माण विभाग दुगड्डा के सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी ने बताया कि पुल निर्माण का कार्य विभिन्न चरणों में तेजी से जारी है। दोनों एबटमेंट पर कंक्रीटिंग और सिंकिंग का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। वहीं पियर-1 की कंक्रीटिंग पूरी हो गई है, जबकि पियर-2 का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी ने कहा कि पुल बनने के बाद चीला-पशुलोक मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी। बेहतर संपर्क से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।


