रैपर बादशाह की पत्नी और अभिनेत्री ईशा रिखी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा संकेत दिया है। हाल के दिनों में दोनों के अलग होने की अटकलों के बीच ईशा ने लिखा कि वह लंबे समय तक डर की वजह से चुप रहीं।
ईशा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “कुछ लड़ाइयां ऐसी होती हैं, जिनके कोई दिखाई देने वाले घाव नहीं होते। लंबे समय तक मैं इसलिए चुप रही क्योंकि मैं डरी हुई थी। मुझे लगता था कि मेरे पति के पास इतना प्रभाव, ताकत और संसाधन हैं कि चुप रहना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है।”
‘चुप्पी सहमति नहीं, जीने का तरीका थी’
ईशा ने आगे लिखा कि उनकी चुप्पी को कभी भी सहमति नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “चुप्पी कभी स्वीकार करना नहीं था, बल्कि खुद को बचाने का तरीका था। आज मैं डर नहीं, बल्कि हिम्मत को चुन रही हूं। शायद अभी पूरी कहानी बताने के लिए तैयार नहीं हूं, लेकिन अब यह दिखावा नहीं कर सकती कि सब कुछ ठीक था।”
पोस्ट के बाद तेज हुईं अलगाव की चर्चाएं
कुछ दिन पहले ईशा ने बादशाह के साथ अपनी तस्वीरों और वीडियो का एक मोंटाज साझा किया था। इसके साथ उन्होंने लिखा था, “हर तूफान एक सबक है, हर प्रार्थना एक उम्मीद।” इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर अलगाव की अटकलें तेज हो गईं।
मार्च में सामने आई थी शादी की खबर
बादशाह और ईशा रिखी की शादी की खबर पहली बार इसी साल मार्च में सामने आई थी, जब ईशा की मां पूनम रिखी ने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें साझा की थीं। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी और दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई।
बादशाह की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले उनकी शादी जैस्मिन मसीह से हुई थी। दोनों ने 2020 में तलाक लिया था और उनकी एक बेटी है, जिसकी परवरिश दोनों मिलकर कर रहे हैं।


