उत्तर प्रदेश के वाराणसी में समलैंगिक लिव-इन रिलेशनशिप का एक मामला खौफनाक हत्या में बदल गया। बृहस्पतिवार रात हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक दीपांशु राय की उसके लिव-इन पार्टनर ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक दीपांशु राय पश्चिम बंगाल का रहने वाला था, जबकि आरोपी कुश पांडे वाराणसी के सोनारपुरा का निवासी है। दोनों पिछले करीब एक साल से वाराणसी में किराए के मकान में साथ रह रहे थे।
झगड़े के बाद किया हमला
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सोमवार रात दोनों घर लौटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि कुश पांडे ने रसोई में सब्जी काटने वाले चाकू से दीपांशु के पेट पर कई वार कर दिए।
घटना के बाद आरोपी ने खुद ही डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दीपांशु खून से लथपथ पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि दोनों लंबे समय से रिश्ते में थे और मंदिर में शादी करने का भी दावा किया। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों अक्सर शराब पीते थे और नशे की हालत में उनके बीच झगड़े होते रहते थे। कई बार विवाद हिंसक भी हो जाता था।
पांच बार किया चाकू से वार
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम से पहले की जांच में पता चला कि दीपांशु के सीने के नीचे पांच चाकू के घाव मिले हैं। आरोप है कि कुश पांडे ने गुस्से में लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पड़ोसियों ने भी पुलिस को बताया कि दोनों के बीच अक्सर शराब पीने के बाद विवाद होता था। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की सटीक वजह की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


