जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, मलबा प्रबंधन और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर मिली खामियों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
एक माह में नाली निर्माण के निर्देश
पौड़ी बस अड्डे के समीप श्रीनगर रोड की ओर बरसाती जल निकासी के लिए बनी नाली की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई. उन्होंने लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) को प्राथमिकता के आधार पर नाली निर्माण कराने के निर्देश दिए. विभाग की ओर से बताया गया कि यह कार्य एक माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा.
जलभराव और भू-धंसाव की समस्या पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सभासदों ने बताया कि बरसात में नाली जाम होने से पानी पौड़ी गांव की ओर बहता है, जिससे कुछ मकानों के आसपास भू-धंसाव जैसी स्थिति बन रही है. इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को प्रतिदिन कार्य की निगरानी कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.
मलबा हटाने और सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए सड़क किनारे पड़े मलबे और पत्थरों पर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने कार्यदायी संस्था को तत्काल मलबा हटाने और अनुपयोगी सामग्री का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए. साथ ही चेतावनी दी कि सड़क पर अवैध रूप से मलबा जमा मिलने पर नियमानुसार चालान किया जाएगा.
डंपिंग जोन और श्रमिक सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान डंपिंग जोन का भी निरीक्षण किया गया. जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी नए डंपिंग जोन में मलबा डालने से पहले गेबियन वॉल का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाए. उन्होंने पहाड़ी कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने, ढलानों को सुरक्षित बनाने और श्रमिकों को हेलमेट, सुरक्षा जूते सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.
समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना, समय-सीमा, गेबियन वॉल, ब्लॉक टॉप और अन्य कार्यों का स्पष्ट रोडमैप तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने को कहा. उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं.


