अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कृति सेनन के रक्षाबंधन से जुड़े एक ज्वेलरी विज्ञापन को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने बिना कृति का नाम लिए विज्ञापन में उनके पहनावे पर सवाल उठाते हुए इसे “जानबूझकर अजीब” बताया।
दरअसल, कृति सेनन हाल ही में एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन विज्ञापन में नजर आई थीं। विज्ञापन में वह ऑफ-व्हाइट ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने दिखाई दीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने विज्ञापन और कृति के आउटफिट की आलोचना की। कुछ लोगों ने इसे भारतीय त्योहार का मजाक बताया तो कुछ ने अभिनेत्री के कपड़ों को लेकर आपत्ति जताई।
कंगना ने साधा निशाना
अब कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि आज महिलाओं के पास कपड़ों की कई तरह की पसंद मौजूद हैं। कंगना ने कहा, “कॉकटेल ड्रेस से लहंगा चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक, हमारे पास इतने विकल्प हैं। फिर आप बिकिनी/अंडरगारमेंट्स में अपने भाई को राखी क्यों बांधेंगी? आपके पास स्टाइलिंग के इतने विकल्प हैं, फिर ऐसा क्यों?”
कंगना ने आगे इस विज्ञापन को “जानबूझकर अजीब” बताया। हालांकि, उन्होंने अपनी पोस्ट में कृति सेनन का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया।
कुत्ते को राखी बांधने पर भी हुआ विवाद
विज्ञापन में कृति सेनन एक कुत्ते को भी राखी बांधती नजर आती हैं। बताया गया कि कुत्ते के भौंकने के बाद कृति उसे पारंपरिक राखी बांधती हैं। विज्ञापन के इस हिस्से को लेकर भी सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाए।
कृति सेनन ने अभी तक इस विवाद या कंगना रनौत की टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, विवाद के बीच उन्होंने अपनी बहन नूपुर सेनन और रूमर्ड पार्टनर कबीर बहिया के साथ कुछ तस्वीरें शेयर कीं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “Some memories captured.. Mannnnyyyyy more Lived!”


