बीजेपी सांसद राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के बीच उनके बीजेपी में जाने के बाद से राजनीतिक बयानबाजी जारी है. अब दिल्ली की मतदाता सूची में उनके नाम को लेकर AAP के सवालों पर चड्ढा ने तीखा जवाब दिया है.
मीडिया से बातचीत में चड्ढा ने कहा कि AAP ऐसी स्थिति में पहुंच गई है कि उन्हें सपने में भी भूत की तरह देख रही है. उन्होंने पार्टी की तुलना एक ऐसी एक्स गर्लफ्रेंड से की, जिसका रिश्ता खत्म हो चुका है लेकिन वह अब भी अपने पुराने पार्टनर को भूल नहीं पा रही.
‘हार्टब्रोकन लवर जैसी हालत’
चड्ढा ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें AAP की चिंता होती है और लगता है कि पार्टी उनकी वजह से बेहद परेशान है. उन्होंने अपने बयान में ‘हार्टब्रोकन लवर’ का भी जिक्र किया.
उनका यह बयान AAP की ओर से दिल्ली की वोटर लिस्ट में उनके नाम को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद आया है.
AAP ने 747वें वोटर को लेकर उठाया सवाल
AAP दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दावा किया था कि राजिंदर नगर की मतदाता सूची में राघव चड्ढा का नाम 747वें मतदाता के तौर पर दिखाई दे रहा है.
भारद्वाज के मुताबिक, 31 अगस्त को प्रकाशित SIR के पहले चरण की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उस बूथ पर 746 मतदाता थे, जहां चड्ढा पहले रहते थे. उन्होंने सवाल उठाया कि इसके बाद चड्ढा का नाम 747वें मतदाता के रूप में कैसे जुड़ गया.
AAP ने इस मामले में चुनाव आयोग और राघव चड्ढा से जवाब मांगा था.
दिल्ली CEO कार्यालय ने दी सफाई
विवाद के बीच दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने भी स्पष्टीकरण जारी किया. कार्यालय ने कहा कि राघव चड्ढा का नाम विधानसभा क्षेत्र-39 यानी राजिंदर नगर की मतदाता सूची में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के बाद जोड़ा गया है.
कार्यालय ने AAP की ओर से 8 सितंबर को उठाए गए सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि चड्ढा का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया नियमों के मुताबिक पूरी की गई है.


