उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. वहीं कुछ मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
इन इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट
14 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है. इसके साथ ही 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है.
देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं, जबकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. 15 और 16 मार्च को उत्तराखंड के अधिकांश पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. वहीं मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
17 मार्च को कुछ राहत, फिर बदलेगा मौसम
17 मार्च को पहाड़ी जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है. बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, 18 मार्च से मौसम फिर करवट ले सकता है. पहाड़ी क्षेत्रों में फिर से हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं. मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. 19 और 20 मार्च को पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. वहीं मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रहा. हालांकि आने वाले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.


