उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब कई दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया. इस राजनीतिक बदलाव में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ गौरव गोयल, अनुज गुप्ता, नारायण पाल, भीमलाल आर्या और लखन सिंह जैसे नेता शामिल हैं. आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस कदम को कांग्रेस की ताकत बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
राजकुमार ठुकराल रुद्रपुर से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक रह चुके हैं और कभी पार्टी के मजबूत नेताओं में उनकी गिनती होती थी. उन्होंने 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव बीजेपी के टिकट पर जीते थे. हालांकि 2022 में उन्होंने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया, जिसके बाद उन्हें बीजेपी से बाहर कर दिया गया था. ठुकराल रुद्रपुर के पूर्व पालिकाध्यक्ष भी रह चुके हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है. पिछले काफी समय से उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लग रही थीं, जो अब सच साबित हो गई हैं.
कौन-कौन कांग्रेस में हुआ शामिल
गौरव गोयल की बात करें तो वे रुड़की के पूर्व मेयर रह चुके हैं और हरिद्वार जिले में उनका प्रभाव माना जाता है. वहीं नारायण पाल सितारगंज से दो बार बहुजन समाज पार्टी के विधायक रह चुके हैं. उन्होंने 2007 और 2012 में जीत दर्ज की थी, जबकि 2022 के चुनाव में वे तीसरे स्थान पर रहे थे.
भीमलाल आर्या घंसाली से 2012 से 2017 तक बीजेपी विधायक रहे हैं, हालांकि 2016 के बाद से ही उन्होंने कांग्रेस को समर्थन देना शुरू कर दिया था. लखन सिंह भीमताल क्षेत्र से ब्लॉक प्रमुख और जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं, जबकि अनुज गुप्ता मसूरी से नगर पालिका चेयरमैन का पद संभाल चुके हैं.
हलचल होगी और तेज
कांग्रेस पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में और भी प्रभावशाली नेता पार्टी में शामिल हो सकते हैं. ऐसे में साफ है कि आगामी चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में हलचल और तेज होने वाली है, और सभी दल अपनी-अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे हुए हैं.


