उत्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 254.41 लाख रुपये की लागत से ढौर–सकन्याणा तल्ला मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता रही है और इसके निर्माण से ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी.
ग्रामीण कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगी नई गति
मंत्री ने कहा कि मार्ग के डामरीकरण से गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी. बेहतर सड़क सुविधा से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा विद्यार्थियों को स्कूल और महाविद्यालयों तक पहुंचने में सुविधा प्राप्त होगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने को प्राथमिकता दे रही है.

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा सीधा लाभ
मंत्री ने कहा कि सड़क की बेहतर स्थिति का सीधा लाभ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा. आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा, जिससे अमूल्य जीवन की रक्षा संभव होगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए.
जिला चिकित्सालय पौड़ी का निरीक्षण, मरीजों से की मुलाकात
शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने जिला चिकित्सालय पौड़ी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया. इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से उपचार व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की.

घायलों के समुचित उपचार के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने थलीसैंण में हुई सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों से भी मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए. मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और जनकल्याण की भावना से प्रेरित होकर प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है.

