फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इस समय भारत के दौरे पर हैं. वो तीन दिन के दौरे पर आए हुए हैं. इस दौरान मैक्रों ने पीएम मोदी से मुलाक़ात की.
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस को भारत का “खास साझेदार” बताया. साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मिलकर एच-125 हेलिकॉप्टर की असेंबली लाइन का उद्घाटन किया.
H-125 हेलिकॉप्टर का उद्घाटन किया
नरेंद्र मोदी और इमैनुएल मैक्रों ने कर्नाटक के वेमगल में टाटा एयरबस की एच-125 लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर की फाइनल असेंबली का वर्चुअल उद्घाटन किया.
एच-125 हेलिकॉप्टर के बारे में नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर भारत में ऐसा हेलिकॉप्टर बनाएंगे, जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भर सके. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों ने अपने रिश्तों को “विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी” तक बढ़ाने का फैसला किया है. यह बातें उन्होंने मुंबई में संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान कही.
PM ने रिश्तों को लेकर क्या कहा?
दोनों देशों ने अपने संबंधों को और मजबूत करते हुए इसे “विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी” का दर्जा दिया. नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस की दोस्ती की कोई सीमा नहीं है और यह साझेदारी गहरे समुद्र से लेकर सबसे ऊंचे पहाड़ों तक पहुंच सकती है.
उन्होंने कहा कि आज की अस्थिर दुनिया में यह साझेदारी वैश्विक स्थिरता के लिए अहम है.
मैक्रों का क्या है शेड्यूल
इमैनुएल मैक्रों मंगलवार सुबह मुंबई पहुंचे. वह तीन दिन की भारत यात्रा पर हैं. इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम बातचीत करेंगे और इंडिया इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेंगे.
वह 18 और 19 फरवरी को नई दिल्ली में होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भी शामिल होंगे।


