पुष्कर सिंह धामी ने पूर्णागिरि मेले के शुभारंभ के अवसर पर स्पष्ट कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में किसी भी कीमत पर घृणा और कट्टरपंथी सोच को पनपने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की सख्त कार्रवाई से विपक्ष असहज है क्योंकि जिन घुसपैठियों को पहले शरण दी गई थी, उन्हें अब बाहर किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने पूर्णागिरि धाम को वर्षभर संचालित करने और इसे स्थायी तथा आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवागमन व्यवस्था बेहतर बनाने और सभी मूलभूत सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश दिए. इस मौके पर 74.54 करोड़ रुपये की लागत से नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया.
विपक्ष पर साधा निशाना
अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि जब भी सरकार जनहित में कोई ठोस निर्णय लेती है, कांग्रेस और उससे जुड़े लोग उसका विरोध करने लगते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास और सुधार के प्रयासों को भटकाने की कोशिश की जाती है, लेकिन राज्य की जागरूक जनता प्रदेशहित में लिए जा रहे फैसलों को समझती है.
जवानों को दी होली की शुभकामनाएं
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लोहाघाट स्थित आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी का दौरा कर जवानों को होली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने जवानों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों का समर्पण और बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है.


