उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्य पदों के लिए मतगणना शनिवार तड़के पूरी हो गई. सभी 23 पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्य चुने गए हैं. चुनाव परिणाम में देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले का दबदबा साफ दिखाई दिया, जबकि राज्य के 9 जिलों को प्रतिनिधित्व नहीं मिल सका.
परिणाम के अनुसार देहरादून से राकेश गुप्ता, कुलदीप कुमार, राजबीर सिंह बिष्ट, एसएस पुंडीर, चंद्रशेखर तिवारी, सुरेंद्र पुंडीर, राकेश नेगी, रंजन सोलंकी और वाईएस तोमर ने जीत दर्ज की. हरिद्वार से सुखपाल सिंह और मुन्फैत अली विजयी रहे. ऊधमसिंह नगर से डीके शर्मा, दिवाकर पांडे, चंद्रशेखर जोशी और हरि सिंह नेगी चुने गए. नैनीताल से विकास बहुगुणा और हल्द्वानी से मेहरबान सिंह कोरंगा और राजन सिंह मेहरा ने जीत हासिल की.
किस-किस की हुई हार
मुख्य हारने वाले प्रत्याशियों में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के पूर्व सदस्य विजय भट्ट और पूर्व चेयरमैन अर्जुन सिंह भंडारी शामिल रहे. महिला सदस्य पदों पर देहरादून से अनुपमा गौतम और रजिया बेग, ऊधमसिंह नगर से अमनदीप कौर और सुशीला मेहता बिष्ट, तथा रुड़की से हिमानी बोहरा विजयी रहीं.
कितने मतदाताओं ने किया था आवेदन?
बार काउंसिल सचिव विजय सिंह ने बताया कि परिणाम की औपचारिक घोषणा दोपहर तक की जाएगी. चुनाव में कुल 14809 मतदाताओं में से 10993 ने मतदान किया. मतगणना के दौरान 844 वोट निरस्त हुए. इस चुनाव में कुल 104 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें 20 महिला प्रत्याशी शामिल थीं.


