उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां कक्षा 9 की 15 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. छात्रा के बाएं हाथ पर मेहंदी से एक युवक का नाम लिखा मिला है. गंभीर हालत में परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अब परिवार ने गांव के ही एक युवक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
फोन कॉल के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, छात्रा के पिता किसान हैं और उनकी बेटी पड़ोसी गांव के इंटर कॉलेज में कक्षा 9 में पढ़ती थी. बुधवार शाम छात्रा के मोबाइल पर गांव के ही एक युवक का फोन आया, जिसे उसकी बड़ी बहन ने उठाया. पिता के मुताबिक युवक ने शकरकंद के पौधे मांगे थे, लेकिन बड़ी बहन ने कहा कि इस बारे में माता-पिता से बात करें. इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई.
कमरे में जाकर लगाया फंदा
रात में छात्रा ने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में चली गई. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसकी मां कमरे में पहुंचीं तो छात्रा फंदे से लटकी मिली. परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर मेडिकल College पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान देर रात करीब 2:45 बजे उसकी मौत हो गई.
हाथ पर मेहंदी से लिखा मिला युवक का नाम
पुलिस की शुरुआती जांच में छात्रा के बाएं हाथ पर मेहंदी से गांव के एक युवक का नाम लिखा मिला. सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
परिवार ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि गांव का युवक लंबे समय से उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था. उनका कहना है कि इसी मानसिक तनाव के कारण बेटी ने यह कदम उठाया. हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि दोनों के बीच पहले से जान-पहचान और नजदीकियां थीं.
ग्रामीणों में भी चर्चा तेज
गांव में चर्चा है कि छात्रा और युवक एक-दूसरे के करीब थे और दोनों परिवारों को भी इसकी जानकारी थी. आरोप है कि युवक लगातार छात्रा को परेशान कर रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में आ गई और अंततः आत्महत्या कर ली.
पोस्टमार्टम के बाद आगे होगी कार्रवाई
मेडिकल कॉलेज की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.


