दिल्ली में मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी पड़नी शुरू हो गई है. मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों के लिए इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है. आज भी दिल्ली का अधिकतम तामपान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. होली पर दिल्ली में गर्मी में बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है. 4 मार्च को दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी होगी और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यानी चिलचिलाती धूप और गर्मी से दिल्ली वालों को राहत मिलने की ज़रा भी उम्मीद नहीं है.
पहाड़ी राज्यों की बात करें पश्चिम विक्षोभ के एक्टिव न होने की वजह से उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा. पहाड़ी क्षेत्रों में आसमान रहने का अनुमान है. होली पर बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं है. मौसम विभाग की ओर से मैदानी इलाकों में चटख धूप खिलने का अनुमान जताया गया है. हिमालचल प्रदेश के मौसम की बात करें तो वहां भी मौसम कुछ इसी तरह का रहने का अनुमान है. शिमला जैसे इलाकों में अभी मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि, 8 मार्च से पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने की उम्मीद है, जिसके बाद बारिश और बर्फबारी पहाड़ी इलाकों में हो सकती है.
इन राज्यों में बारिश के आसार
03 मार्च को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भी छिटपुट बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में नमी बढ़ेगी और जनजीवन प्रभावित हो सकता है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम फिर करवट लेने वाला है. 04 से 08 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि 07 और 08 मार्च को हिमाचल प्रदेश तथा 08 मार्च को उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ेगी और कुछ स्थानों पर सड़कों पर फिसलन के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका है.
तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी
वहीं देश के बड़े हिस्से में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. कोंकण-गोवा और गुजरात के कुछ इलाकों में 04 से 06 मार्च के बीच गर्म और उमस भरा मौसम रहने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे दिन के समय गर्मी और असहजता बढ़ सकती है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
ये भी पढ़ें: पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लगभग ढेड़ किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


