उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद मौसम ने करवट ली है। मैदानी इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि उमस से लोगों को अब भी पूरी राहत नहीं मिली है। वहीं पर्वतीय जिलों में बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज गर्जना के साथ बारिश के तीव्र दौर पड़ सकते हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम हुआ खुशनुमा
देहरादून में गुरुवार को सुबह से धूप और बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे उमस का असर महसूस किया गया। दूसरी ओर, पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही बारिश से मौसम काफी सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
कुमाऊं मंडल में अच्छी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आज कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार के अधिकांश हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज गर्जना की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।


