रांची: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया। हजारों छात्र विधानसभा मार्च के लिए निकले और बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया, वाटर कैनन चलाए और आंसू गैस के गोले छोड़े।
वाटर कैनन के सामने छात्रों ने किया डांस
पुलिस के वाटर कैनन चलाने के दौरान कुछ छात्र पीछे हटने के बजाय पानी की तेज बौछारों के सामने डांस करते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. खियांग्ते गिरफ्तार
इसी बीच झारखंड CID ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने 22 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दिया था।
16 दिन से जारी है छात्रों का आंदोलन
छात्रों का प्रदर्शन पिछले 16 दिनों से जारी है। उनकी प्रमुख मांगों में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच और भर्ती व्यवस्था में बड़े सुधार शामिल हैं। छात्र नेता देवेंद्र महतो भी इस मार्च में शामिल रहे, जो भूख हड़ताल पर हैं।
कई दौर की बातचीत भी रही बेनतीजा
सरकार और प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि समस्याओं का समाधान लाठी से नहीं, बल्कि बातचीत से हो सकता है। इसके बावजूद विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।


