देशभर में आज स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जा रहा है, लेकिन मानसून कई राज्यों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना
दिल्ली-NCR में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में दिनभर रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
यूपी के 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी मानसून सक्रिय है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। अगले 24 घंटे में करीब 30 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
उत्तराखंड-हिमाचल में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा है।
पिथौरागढ़ में बारिश और भूस्खलन के कारण थल-मुनस्यारी और जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग प्रभावित हुए हैं। सड़कों के बंद होने से 100 से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
बिहार में बारिश का अलर्ट
बिहार में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।


