केंद्रीय विद्यालय किशनपुर, कोटद्वार में शुक्रवार को डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब द्वारा CSR के माध्यम से स्थापित मेडिकल रूम का विधिवत उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया। मेडिकल रूम में विद्यार्थियों के लिए प्राथमिक उपचार यानी फर्स्ट एड की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
विद्यालय परिसर का किया अवलोकन
उद्घाटन के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और विद्यालय की व्यवस्थाओं के साथ ही विद्यार्थियों से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है। मेडिकल रूम की सुविधा शुरू होने से किसी विद्यार्थी की तबीयत खराब होने या चोट लगने की स्थिति में विद्यालय परिसर में ही तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
बच्चों को वितरित किए तिरंगे
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। उन्होंने बच्चों को तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता और गौरव का प्रतीक है।
नई बिल्डिंग को लेकर भी दी जानकारी
विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय विद्यालय किशनपुर के नए भवन के निर्माण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के साथ हुई मुलाकात की जानकारी भी क्षेत्रवासियों के साथ साझा की।
उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मुलाकात के दौरान केंद्रीय विद्यालय किशनपुर की नई बिल्डिंग के निर्माण सहित विद्यालय से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं पर चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों और प्रगति से भी क्षेत्रवासियों को लगातार अवगत कराया जा रहा है।
बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता
ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय किशनपुर को बेहतर शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
उन्होंने CSR के माध्यम से विद्यालय में मेडिकल रूम की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब का आभार भी व्यक्त किया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्या मनीषा मखीजा, अजय उनियाल, पार्षद जे.पी. बहुखंडी, राजीव डबराल, प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी, सुदर्शन नेगी, अनिल गौड़, राजू नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


