कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार को महज 16 रुपये में कपड़े और सामान मिलने की खबर के बाद हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। आलम मार्केट में भीड़ इतनी बढ़ गई कि भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
16 रुपये की सेल ने मचाई हलचल
मामला थाना अनवरगंज क्षेत्र स्थित आलम मार्केट का है। कपड़ा कारोबारी रईस आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर खास ऑफर रखा था। इसके तहत सिर्फ 16 मिनट के लिए कपड़ों समेत कई सामान की कीमत घटाकर 16 रुपये कर दी गई।
ऑफर की जानकारी सोशल मीडिया और आसपास के इलाकों में तेजी से फैल गई। इसके बाद देखते ही देखते मार्केट के बाहर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
धक्का-मुक्की के बाद भगदड़ जैसे हालात
भीड़ बढ़ने के कारण मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया। दुकान के बाहर लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ ही देर में भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस दौरान कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है।
हालात बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने किया हल्का लाठीचार्ज
एसीपी के नेतृत्व में अनवरगंज समेत कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने और रास्ता खाली कराने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


