महाराष्ट्र के पुणे जिले में जमीन बेचने के विवाद को लेकर दो भाइयों ने अपने बुजुर्ग माता-पिता पर सरेराह डंडों से हमला कर दिया। घटना 30 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों आरोपी कार से उतरकर अपने माता-पिता को रोकते नजर आ रहे हैं।
जमीन बेचने के फैसले से नाराज थे बेटे
पुलिस के मुताबिक, 65 वर्षीय तुकाराम किसान राउत अपनी पत्नी अंजना के साथ टहलने निकले थे। इसी दौरान उनके बेटे संजय और राजेंद्र राउत वहां पहुंचे। दोनों भाई अपने पिता द्वारा मां की जमीन बेचने के फैसले से नाराज थे। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और आरोपियों ने माता-पिता के साथ गाली-गलौज की।
इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों भाइयों ने लकड़ी के डंडों से अपने माता-पिता की पिटाई शुरू कर दी। तुकाराम के चेहरे, पीठ, जांघ और बाएं कंधे पर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी अंजना की कलाई और कमर में चोट लगी।
जमीन का सौदा वापस लेने की दे रहे थे धमकी
शिकायत के अनुसार, दोनों बेटों ने जमीन का सौदा रद्द करने और जमीन वापस लेने का दबाव बनाया। उन्होंने कथित तौर पर माता-पिता को धमकी भी दी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल दंपति को इंदापुर उप-जिला अस्पताल ले जाया गया।
तुकाराम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।


