बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के ‘जौहर’ को लेकर दिए गए बयान पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। उनके बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भी स्वरा भास्कर के बयान पर प्रतिक्रिया दी है और उनके बयान की आलोचना की है।
धीरेंद्र शास्त्री ने स्वरा भास्कर पर निशाना साधते हुए कहा, “एक तथाकथित महिला ने रानी पद्मावती और जौहर पर बयान दिया। उसने कहा कि जौहर कायरता है। अरी नाककटु, चंडालन, ये कायरता नहीं, जौहर तो वीरता है।”
उन्होंने आगे कहा कि जौहर समर्पण और संस्कृति से जुड़ा विषय है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जो लोग धर्म और संस्कृति के विरोधी हैं, वे जौहर को नहीं समझ सकते।
‘कुछ लोग भइया को सैयां बना लेते हैं…’
स्वरा भास्कर के बयान पर तंज कसते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “कुछ लोग तो भइया को सैयां बना लेते हैं, वो क्या जानें जौहर की बात।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत होती हैं, तब भी वह वही कहेंगे जिसे वह सच मानते हैं।
स्वरा भास्कर ने जौहर को लेकर क्या कहा था?
स्वरा भास्कर ने 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘वुमन लाइफ फ्रीडम टॉक’ कार्यक्रम में एक सवाल का जवाब देते हुए जौहर की प्रथा पर सवाल उठाए थे।
उन्होंने कहा था कि जब वह एक फिल्म में करीब 800 महिलाओं को जौहर करते हुए देख रही थीं, तो उनके मन में सवाल आया कि अगर वह खुद रेप सर्वाइवर होतीं, तो ऐसी फिल्म उन्हें क्या संदेश देती।
स्वरा ने कहा था कि क्या समाज रेप सर्वाइवर्स को यह संदेश देना चाहता है कि उन्हें जीने का अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि अपनी इज्जत बचाने के लिए जान दे देना क्या महिलाओं के सामने एक आदर्श के रूप में पेश किया जाना चाहिए।
स्वरा के इसी बयान के बाद विवाद शुरू हुआ और कई लोगों ने सोशल मीडिया तथा सार्वजनिक मंचों पर उनकी टिप्पणी की आलोचना की। अब धीरेंद्र शास्त्री की प्रतिक्रिया के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।


