उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सांडी क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर विवाद के दौरान उसकी नाक काटने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसके पति दीपक ने पहले उसके सिर पर हमला किया और फिर उसकी नाक काटकर नाले में फेंक दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे।
ढाई महीने बाद अचानक पति के घर पहुंची महिला
पुलिस के मुताबिक, साधना करीब ढाई महीने पहले पति का घर छोड़कर एक युवक के साथ चली गई थी। बताया गया कि वह युवक दीपक का परिचित और दोस्त भी था। गुरुवार को साधना अचानक पड़ोसी की छत से कूदकर अपने पति के घर पहुंच गई। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान मारपीट का आरोप
सांडी थाने के एसएचओ पुष्पराज के अनुसार, महिला के अचानक लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान साधना ने आरोप लगाया कि दीपक ने उसके साथ मारपीट की और उसकी नाक काट दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस ने दीपक को हिरासत में लिया है।
इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना के बाद साधना को पहले सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पति के परिवार ने लगाए अलग आरोप
वहीं, दीपक के परिवार ने साधना के आरोपों से अलग घटनाक्रम बताया है। दीपक की मां का आरोप है कि साधना करीब ढाई महीने पहले एक स्थानीय युवक के साथ चली गई थी। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था।
बच्चों को साथ ले जाने को लेकर विवाद का दावा
दीपक की मां के मुताबिक, साधना गुरुवार को अचानक घर लौटी और बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। परिवार का दावा है कि झगड़े के दौरान साधना ने कथित तौर पर दीपक के निजी अंग पर भी हमला किया और बाद में खुद जमीन पर सिर पटककर चोटिल कर लिया।
10 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, साधना और दीपक की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। दोनों की तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र आठ, छह और तीन साल बताई गई है।
दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि साधना की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जबकि दीपक की मां ने शिकायत दी है। पुलिस मामले में दोनों पक्षों के आरोपों और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

