देहरादून में रसोई गैस को लेकर चल रही खबरों के बीच तेल कंपनियों ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई है. कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि गैस की कोई बड़ी कमी नहीं है. इसलिए लोगों को रात में गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है. उपभोक्ता सामान्य तरीके से गैस बुक करें. सिलेंडर उनके घर तक पहुंचा दिया जाएगा.
यदि किसी कारण से मिस्ड कॉल या व्हाट्सएप के जरिए गैस बुक नहीं हो पा रही है, तो उपभोक्ता कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप से भी आसानी से बुकिंग कर सकते हैं.
20 प्रतिशत की आई कमी
जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम में पहुंचे इंडियन ऑयल के सहायक प्रबंधक राकेश सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में हर दिन लगभग 50 हजार गैस सिलेंडर की सप्लाई होती थी. फिलहाल इसमें लगभग 20 प्रतिशत की कमी आई है. उन्होंने कहा कि कई लोग डर के कारण पहले से ही गैस की एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं. इससे बुकिंग का बैकलॉग बढ़ रहा है और सप्लाई में देरी हो रही है.
कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई
प्रमुख सचिव खाद्य एल फैन्नई ने सभी जिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारियों को गैस एजेंसियों और गोदामों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता की समीक्षा के लिए शुक्रवार को विधानसभा परिसर में प्रमुख सचिव खाद्य एल फैन्नई की अध्यक्षता में एक ऑनलाइन बैठक हुई. इसमें प्रदेश के सभी डीएम, डीएसओ और तेल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सभी जिलों में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है.
प्रदेश में गैस से जुड़े कुछ आंकड़े
प्रदेश में कुल 313 गैस एजेंसियां हैं.
घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 33,22,377 है.
इंडियन ऑयल के लगभग 21,37,849 ग्राहक हैं.
भारत पेट्रोलियम के करीब 8,18,371 ग्राहक हैं.
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के करीब 3,66,157 ग्राहक हैं.
प्रदेश में हर दिन औसतन लगभग 74,327 गैस सिलेंडरों की मांग रहती है.
अगर फोन से बुकिंग न हो तो ये तरीके अपनाएं
आईओसी ने गैस बुकिंग के लिए कई विकल्प दिए हैं। अगर सामान्य नंबर व्यस्त हो तो इन तरीकों से भी बुकिंग की जा सकती है.
WhatsApp बुकिंग: 7588888824
मिस्ड कॉल बुकिंग: 8454955555
SMS या IVRS बुकिंग: 7718955555
इसके अलावा ‘Indian Oil One’ ऐप, cx.indianoil.in पोर्टल या Paytm और PhonePe के जरिए भी गैस बुक की जा सकती है.


