कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग स्थित नगर निगम प्रेक्षागृह में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, लैंसडाउन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
‘कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस का प्रतीक’
अपने संबोधन में ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1999 में भारतीय सेना ने विषम परिस्थितियों में दुश्मनों को परास्त कर देश की आन, बान और शान को कायम रखा। उन्होंने कहा कि शहीद कभी नहीं मरते, बल्कि राष्ट्र की चेतना में सदैव अमर रहते हैं। युवाओं से उन्होंने देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
ब्रिगेडियर बी.एस. नेगी ने सुनाई ऑपरेशन विजय की गाथा
कार्यक्रम में ब्रिगेडियर बी.एस. नेगी ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि, ऑपरेशन विजय और भारतीय सेना के शौर्य की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के रणनीतिक कौशल और अटूट मनोबल का स्वर्णिम अध्याय है।
वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों की वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित वीर नारियों में श्रीमती रेखा देवी, श्रीमती राजी देवी, श्रीमती दयावती देवी, श्रीमती रामेश्वरी देवी, श्रीमती नीता रावत, श्रीमती उषा देवी, श्रीमती जीत देवी, श्रीमती कविता बिष्ट, श्रीमती राजेश्वरी देवी और श्रीमती पिंकी ध्यानी शामिल रहीं।
‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण, विद्यार्थियों को भी मिला सम्मान
कार्यक्रम के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने वीर नारियों और पूर्व सैनिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। साथ ही हिंदी निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में याशी नेगी प्रथम, ज्योति कंडवाल द्वितीय और लावण्या चौधरी तृतीय रहीं, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में कविता ने प्रथम, आयुष कोरीवाल ने द्वितीय और अतिव कोरीवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, ब्रिगेडियर बी.एस. नेगी, कर्नल बी.बी. ध्यानी, कर्नल कुंवर अजय सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस. गुंसाई, विंग कमांडर बी.एस. रावत सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


