उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में अचानक मौसम में आए बदलाव ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की आशंका है. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और ओले पड़ने की संभावना भी जताई गई है.
क्यों ली मौसम ने करवट
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके प्रभाव से राज्य के कई इलाकों में बादल घिरने के साथ ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है. पहाड़ी क्षेत्रों में जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और आंधी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का मौसम अचानक फसलों पर भी असर डाल सकता है. ओलावृष्टि होने की स्थिति में किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है. खासकर गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसलों पर इसका प्रभाव पड़ने की आशंका है. ऐसे में कृषि विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.
सावधानी बरतने की जरूरत
इसके अलावा, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए आम लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें. अनावश्यक यात्रा से भी परहेज करने की सलाह दी गई है.
शहरी क्षेत्रों में भी इस मौसम का असर देखने को मिल रहा है. कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं. प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
कैसे रहेगा आगे का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 से 48 घंटों तक राज्य में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने की संभावना है. फिलहाल लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.


