पौड़ी गढ़वाल: जनपद की रैंकिंग सुधारने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सख्त नजर आए. विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में आयोजित पच्चीस सूत्री कार्यक्रम की बैठक में उन्होंने सभी विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
वार्षिक कैलेंडर तैयार करने के निर्देश
सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग अपना वार्षिक कैलेंडर तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्या विभाग को उपलब्ध कराएं. इससे आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर और समय पर किया जा सकेगा.
रैंकिंग और नॉन-रैंकिंग योजनाओं पर अलग निगरानी
उन्होंने बताया कि पच्चीस सूत्री कार्यक्रम के तहत योजनाओं को दो श्रेणियों में बांटा गया है. रैंकिंग योजनाओं की समीक्षा हर महीने की जाती है, जबकि नॉन-रैंकिंग योजनाओं का मूल्यांकन सालाना आधार पर होता है.
सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि रैंकिंग योजनाओं की मासिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से समय पर प्रस्तुत करें.
रिपोर्ट में त्रुटि नहीं होनी चाहिए
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को भेजी जाने वाली सभी सूचनाएं पूरी तरह सटीक, अपडेट और तथ्यपरक होनी चाहिए. इससे राज्य स्तर पर जनपद की सही छवि और प्रगति सामने आ सकेगी.
विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग
बैठक में बताया गया कि उत्तराखंड में पच्चीस सूत्री कार्यक्रम सरकार की प्राथमिक योजनाओं की निगरानी का अहम माध्यम है. इसके तहत गरीबी उन्मूलन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पेयजल, कृषि और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की लगातार समीक्षा की जाती है.
कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, ग्राम पंचायत राज अधिकारी जितेन्द्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.


