बॉलीवुड निर्माता करण जौहर ने भारत की खुफिया एजेंसी R&AW के संस्थापक रामेश्वर नाथ काव यानी R.N. Kao की जिंदगी पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है. धर्मा प्रोडक्शंस और लियो मीडिया कलेक्टिव मिलकर इस स्पाई-एक्शन फिल्म का निर्माण करेंगे. फिल्म फिलहाल निर्माण के शुरुआती चरण में है और इसे 11 अगस्त 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है.
फिल्म की घोषणा 21 सितंबर 2026 को की गई है. यह तारीख R&AW की स्थापना के 58 साल पूरे होने के मौके से भी जुड़ी है. मेकर्स का कहना है कि फिल्म के जरिए R.N. Kao के योगदान और R&AW के शुरुआती दौर की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा.
1955 से 1971 तक की कहानी
फिल्म की कहानी सिर्फ R&AW की स्थापना तक सीमित नहीं होगी. इसमें 1955 से 1971 के बीच का दौर दिखाया जाएगा. कहानी में बताया जाएगा कि भारत को अलग बाहरी खुफिया एजेंसी की जरूरत क्यों महसूस हुई और R&AW की स्थापना कैसे हुई.
फिल्म में R&AW के शुरुआती मिशनों और भारत की खुफिया रणनीति में एजेंसी की भूमिका को भी दिखाया जाएगा. कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौर तक पहुंचेगी.
‘Gentleman Spymaster’ पर आधारित होगी फिल्म
यह फिल्म लेखक नितिन ए. गोखले की किताब ‘Gentleman Spymaster’ पर आधारित होगी. लियो मीडिया कलेक्टिव पिछले करीब दो वर्षों से इस कहानी पर शोध और पटकथा तैयार करने में जुटा है.
धर्मा प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर फिल्म का ऐलान करते हुए R.N. Kao को पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाला शख्स बताया. करण जौहर ने भी इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह जाहिर किया है. उनका कहना है कि टीम लंबे समय से इस कहानी पर शोध कर रही है और सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म के जरिए R&AW के इतिहास को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी.
कौन निभाएगा R.N. Kao का किरदार?
फिल्म की घोषणा तो हो गई है, लेकिन इसकी स्टार कास्ट और निर्देशक के नाम अभी सामने नहीं आए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में किसी बड़े अभिनेता को मुख्य भूमिका में लिया जा सकता है. ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पर्दे पर R.N. Kao का किरदार कौन निभाएगा.
फिल्म को बड़े स्तर पर स्पाई-एक्शन के तौर पर तैयार किया जाएगा. इसमें खुफिया मिशन, रणनीति और R&AW के शुरुआती दौर से जुड़े अहम घटनाक्रम कहानी का हिस्सा होंगे.

