मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड नैनीडांडा सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया.
ब्लॉक प्रमुख ने किया शुभारंभ, योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत हो रही है. उन्होंने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
230 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 221 शिकायतों का हुआ समाधान
खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडे ने बताया कि शिविर में कुल 230 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 221 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया. शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया. इसके अलावा विभिन्न विभागों के माध्यम से 230 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया.
कृषि, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग ने दी विभिन्न सुविधाएं
शिविर में कृषि एवं उद्यान विभाग ने 58 किसानों को पौधे, उर्वरक और कृषि यंत्र वितरित किए. रीप और एनआरएलएम के माध्यम से 16 लाभार्थियों को उत्पादन और विपणन संबंधी सहयोग दिया गया. बाल विकास विभाग ने दो पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की.
स्वास्थ्य विभाग ने 45 लोगों और आयुष विभाग ने 40 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं. समाज कल्याण विभाग ने 48 लाभार्थियों के वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन से जुड़े सत्यापन किए. पंचायतीराज विभाग ने 10 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया, जबकि राजस्व विभाग ने 11 किसानों को कृषक प्रमाण-पत्र और खाता-खतौनी की नकल उपलब्ध कराई.
लोगों को योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक भी किया.
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी, कनिष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र पटवाल, जिला पंचायत सदस्य नीरज पंत एवं मुन्नी ध्यानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.


