बेंगलुरु में लॉ की छात्रा अमृता की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. अमृता ने तीन दिन तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सूर्य और उसके भाई धनुष को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
तलाक और बच्चे की जानकारी छिपाने पर खत्म किया था रिश्ता
पुलिस के अनुसार, अमृता लॉ की पढ़ाई के साथ एक पिज्जा आउटलेट में पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थीं. उनकी मुलाकात पारिवारिक परिचित के जरिए धनुष से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे.
जांच में सामने आया कि अमृता को बाद में पता चला कि धनुष पहले से तलाकशुदा है और उसका एक बच्चा भी है. यह जानकारी कथित तौर पर उनसे छिपाई गई थी. इसके बाद अमृता ने रिश्ता खत्म करने का फैसला किया.
ब्रेकअप के बाद मिल रही थीं धमकियां
पुलिस का कहना है कि रिश्ता खत्म करने के बाद धनुष के भाई सूर्य ने अमृता को कथित तौर पर धमकियां देना शुरू कर दिया था. 13 जुलाई को सूर्य ने कोडीहल्ली स्थित अमृता के घर के पास उन्हें रोक लिया. दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद आरोप है कि सूर्य ने अमृता की छाती और पीठ पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गया.
तीन दिन बाद अस्पताल में हुई मौत
गंभीर रूप से घायल अमृता को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की. हालांकि तीन दिन तक इलाज चलने के बाद बुधवार को उनकी मौत हो गई.
दोनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी सूर्य के साथ धनुष को भी गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. वहीं अमृता के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवी रमण अस्पताल भेज दिया गया है.


