पौड़ी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देवप्रयाग क्षेत्र से दो युवकों को 10.33 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब ₹3 लाख बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 जुलाई को थानाध्यक्ष अमरजीत रावत के नेतृत्व में देवप्रयाग पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान UK12 V-4532 नंबर की कार की तलाशी लेने पर रजत नेगी के पास से 5.30 ग्राम और काफिल सिद्दकी उर्फ कपिल के पास से 5.03 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
देहरादून से लाए थे स्मैक
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को देहरादून से कम कीमत पर खरीदकर पौड़ी में अधिक दाम पर बेचने के लिए ला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें स्मैक किसने उपलब्ध कराई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजत नेगी (21), निवासी पौड़ी और काफिल सिद्दकी उर्फ कपिल (24), निवासी धारा रोड, पौड़ी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।


