उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एक मैरिज लॉन में शुक्रवार रात उस समय हंगामा मच गया, जब दूल्हे की पहली पत्नी उसकी दूसरी शादी रुकवाने पहुंच गई. महिला ने खुद को युवक की कानूनी पत्नी बताते हुए शादी का विरोध किया, जिसके बाद विवाह की रस्में रोक दी गईं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों को चौकी ले गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
चमनगंज निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में जूही लाल कॉलोनी निवासी एक इंटीरियर कारोबारी से हुई थी. वर्ष 2024 में उसकी विदाई हुई थी. शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया और मामला कोर्ट में विचाराधीन है. महिला का आरोप है कि कानूनी विवाद लंबित होने के बावजूद उसके पति ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी की तैयारी कर ली.
पड़ोसी के फोन से मिली दूसरी शादी की जानकारी
महिला के मुताबिक, उसे दूल्हे के एक पड़ोसी ने फोन कर दूसरी शादी की जानकारी दी. इसके बाद उसने पति, ससुर और अन्य रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया. इसके बाद वह अपनी बहन के साथ सीधे मैरिज लॉन पहुंच गई और शादी का विरोध करने लगी. अचानक हुए इस घटनाक्रम से समारोह में अफरा-तफरी मच गई और करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा.
महिला का दावा- अब भी होती है बातचीत
महिला ने दावा किया कि दोनों के बीच अब भी नियमित बातचीत होती है. उसके अनुसार आरोपी रोज व्हाट्सएप पर चैट करता है और महीने में कई बार मुलाकात भी होती है. ऐसे में दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर वह हैरान रह गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है. मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला दुल्हन के पास जाकर कहती है, “पता है आपको, मैं पहली बीवी हूं. तलाक नहीं हुआ है. हम छोड़ेंगे नहीं. हमने लव मैरिज की है. इसके बाद दूसरी महिला उसे वहां से हटाने की कोशिश करती दिखाई देती है. फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है


