ऑनलाइन शॉपिंग और टिकट बुकिंग के दौरान ग्राहकों से छिपे हुए चार्ज वसूलने और भ्रामक तरीकों से अतिरिक्त सेवाएं जोड़ने के मामलों में सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने Zepto, BookMyShow, IndiGo, Physics Wallah समेत कुल 9 डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सरकार ने इसकी जानकारी राज्यसभा में दी।
क्या होते हैं Dark Patterns?
डार्क पैटर्न ऐसे डिज़ाइन या इंटरफेस होते हैं, जिनके जरिए यूजर्स को बिना जानकारी के अतिरिक्त भुगतान करने, सब्सक्रिप्शन लेने या कोई विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया जाता है। इनमें ड्रिप प्राइसिंग, बास्केट स्नीकिंग, कन्फर्म शेमिंग और फोर्स्ड सब्सक्रिप्शन जैसी तकनीकें शामिल हैं।
Zepto पर सबसे बड़ा जुर्माना
CCPA ने पाया कि Zepto पर शुरुआत में दिखाई गई कीमत के बाद हैंडलिंग चार्ज और मेंबरशिप फीस जोड़ दी जाती थी। इसे ड्रिप प्राइसिंग और बास्केट स्नीकिंग माना गया। इस मामले में कंपनी पर 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। कंपनी ने बाद में इन प्रथाओं को बंद कर दिया।
BookMyShow पर भी कार्रवाई
BookMyShow पर टिकट बुकिंग के दौरान BookASmile के लिए 1 रुपये का डोनेशन पहले से टिक होने पर कार्रवाई हुई। CCPA ने इसे भी बास्केट स्नीकिंग माना और कंपनी को यह विकल्प हटाने के निर्देश दिए।
IndiGo ने बदला ऐप का मैसेज
IndiGo के ऐप पर इंश्योरेंस न लेने वाले विकल्प के साथ लिखा जाता था, “No, I will take risk”। CCPA ने इसे कन्फर्म शेमिंग माना। अब इसे बदलकर “No, I will not add to the trip” कर दिया गया है।
Physics Wallah पर भी जुर्माना
Physics Wallah पर 10 रुपये का डोनेशन पहले से चुना हुआ मिलता था और उसे हटाने से रोकने के लिए भावनात्मक संदेश दिखाए जाते थे। साथ ही फ्री कोर्स देखने से पहले निजी जानकारी मांगी जाती थी। CCPA ने कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। कंपनी ने जुर्माना जमा कर इन प्रथाओं को बंद करने की बात कही।
इन कंपनियों पर भी हुई कार्रवाई
सरकार ने बताया कि FirstCry, PharmEasy, McAfee, SpiceJet और Anuj Jindal जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भी कार्रवाई की गई। इन पर 1 से 3 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। इनके खिलाफ छिपे हुए चार्ज, फोर्स्ड सब्सक्रिप्शन, फर्जी काउंटडाउन टाइमर और भ्रामक रिन्यूअल प्रॉम्प्ट जैसी शिकायतें मिली थीं।
13 तरह के Dark Patterns पर सरकार की नजर
भारत सरकार ने Guidelines for Prevention and Regulation of Dark Patterns, 2023 के तहत 13 तरह के डार्क पैटर्न चिन्हित किए हैं। इनमें False Urgency, Basket Sneaking, Subscription Trap, Drip Pricing, Confirm Shaming और Trick Questions जैसी भ्रामक तकनीकें शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन नियमों का मकसद ऑनलाइन ग्राहकों के अधिकारों की रक्षा करना और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पारदर्शिता बढ़ाना है।


