देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के चलते आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
दिल्ली-NCR में आज मौसम रहेगा साफ
दिल्ली-NCR में फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. मौसम के मुताबिक, 23 सितंबर को राजधानी में आसमान मुख्यतः साफ रहने और तापमान करीब 24 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 24 सितंबर को भी दिल्ली में किसी बड़े मौसम अलर्ट की संभावना नहीं है.
यूपी और उत्तराखंड में बढ़ेगी बारिश
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का मिजाज आने वाले दिनों में बदल सकता है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 सितंबर से बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जबकि 26 सितंबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में भी 26 और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है.
इन राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना
ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी संभावना है.


