केरल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर (VC) मोहनन कुन्नुमल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। तिरुवनंतपुरम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्रों से पूछा, “आप शेर हैं या कॉकरोच?” हालांकि, उनके सवाल पर मौजूद छात्रों की भीड़ लगभग शांत रही और सिर्फ एक छात्र ने जवाब दिया।
कुन्नुमल ‘विजयथारकम’ कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया गया था।
छात्रों से पूछा- शेर हैं या कॉकरोच?
अपने संबोधन के दौरान कुन्नुमल ने कहा कि कुछ लोग उनके जैसे छात्रों को ‘कॉकरोच’ कहते हैं, लेकिन वे कॉकरोच नहीं हैं। उन्होंने छात्रों को देश की ताकत बताते हुए उन्हें ‘शेर’ कहा।
इसके बाद उन्होंने छात्रों से पूछा, “आप शेर हैं या कॉकरोच?” सवाल के बाद पूरा हॉल शांत रहा। जब छात्रों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो VC ने दोबारा उनसे जोर से जवाब देने को कहा।
इसके बावजूद छात्र चुप रहे। कुन्नुमल ने फिर पूछा कि क्या वे असमंजस में हैं और कहा कि अभी केवल एक व्यक्ति ने जवाब दिया है।
उन्होंने छात्रों से दोबारा जोर से प्रतिक्रिया देने को कहा और मजाकिया अंदाज में पूछा, “आवाज इतनी धीमी क्यों है? क्या आपने खाना नहीं खाया?”
छात्रों को बताया देश की ताकत
कुन्नुमल ने अपने संबोधन में छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें देश की ताकत बताया। उन्होंने छात्रों को ‘शेर’ और ‘दुर्गा देवियां’ भी कहा।
कार्यक्रम में केरल के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर और बीजेपी विधायक वी. मुरलीधरन भी मंच पर मौजूद थे।
पहले भी विवादों में रहे हैं VC
मोहनन कुन्नुमल इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। हाल ही में उन्होंने ‘वंदे मातरम’ कहने का विरोध करने वालों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि ऐसे लोग “नहीं जानते कि उनकी मां कौन है।”
उन्होंने यह बयान तिरुवनंतपुरम के मणिविला में RSS के युवा सम्मेलन ‘संकल्प 2026 युवा संगम’ को संबोधित करते हुए दिया था। इस बयान के बाद भी विवाद खड़ा हुआ था।


