अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला अस्पताल के NICU में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। आग लगने की घटना करीब सुबह 3:30 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद आग भड़कने की बात सामने आई है।
तीसरी मंजिल पर था NICU
घटना अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित Neonatal Intensive Care Unit (NICU) में हुई। आग लगते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
NICU में उस समय कुल 39 नवजात बच्चे भर्ती थे। अस्पताल कर्मचारियों ने कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से छह नवजातों को आगे के इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
वार्ड में जले उपकरण, दीवारें काली
घटना के बाद सामने आए वीडियो में NICU के अंदर जले हुए उपकरण और धुएं से काली पड़ी दीवारें दिखाई दीं। आग के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। आग लगने की सटीक वजह और रेस्क्यू किए गए बच्चों की मौजूदा स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में भी NICU में लगी थी आग
ऐसी ही एक घटना शनिवार को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में सामने आई थी। यहां NICU में आग लगने से तीन नवजात बच्चे झुलस गए थे।
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन कंचन दुबे के मुताबिक, घटना रात करीब 1:50 बजे हुई थी। NICU में इस्तेमाल होने वाले वार्मर के फिलामेंट में स्पार्क के बाद उसमें आग लग गई थी, जिससे तीन नवजात इसकी चपेट में आ गए।
उन्होंने बताया कि NICU में कुल 33 बच्चे थे। अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत बाकी 30 बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।


