ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विकासखंड थलीसैंण के दूरस्थ मजरा महादेव में तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, खेती, राशन, आवास और रोजगार से जुड़ी 175 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं।
एक सप्ताह में समाधान के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से शिकायतों की मौके पर ही जानकारी ली और आसानी से हल होने वाले मामलों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक शिकायत पर कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी देने को कहा।
सड़क और पेयजल की शिकायतों पर फोकस
क्षतिग्रस्त स्कूल भवन, पेयजल लाइन, जल निकासी, खराब संपर्क मार्ग और सड़क मरम्मत से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों को निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चाकीसैंण क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के प्रस्तावों और निर्माण कार्यों का भी फॉलोअप करने को कहा गया।
3 सितंबर से लगेगा आधार शिविर
आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 3 सितंबर से तिरपालीसैंण में एक सप्ताह तक आधार शिविर संचालित किया जाएगा। वहीं दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए भी सितंबर में शिविर आयोजित करने की बात कही गई।
खेती और रोजगार को भी प्राथमिकता
जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए सामूहिक घेरबाड़ और चैनलिंक फेंसिंग के प्रस्ताव लेने के निर्देश दिए गए। पशुपालन, मुर्गीबाड़े और अन्य रोजगारपरक योजनाओं से जुड़े आवेदनों को प्राथमिकता से निस्तारित करने पर भी जोर दिया गया।
महिला प्रधानों की भागीदारी पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तहसील दिवस, बीडीसी बैठकों और अन्य बैठकों में महिला ग्राम प्रधान स्वयं प्रतिभाग करें। उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि बनाकर भेजने की व्यवस्था न हो।


