पौड़ी के राजकीय इंटर कॉलेज, निसनी में बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग के तहत जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।
POCSO Act और 1098 हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति या शोषण की स्थिति में बच्चे 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
दत्तक ग्रहण की कानूनी प्रक्रिया भी समझाई
छात्र-छात्राओं को दत्तक ग्रहण की वैधानिक प्रक्रिया और उससे जुड़े नियमों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा के साथ अधिकारों की जानकारी भी जरूरी
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार चंद्र ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ उन्हें अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा उपायों की जानकारी होना भी जरूरी है।
सवालों के दिए जवाब
कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक अभिषेक नेगी, परामर्शदाता कविता और केसवर्कर शकुंतला नयाल ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।


