नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में 25 वर्षीय युवक ने 43वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान मानेसर निवासी संभव जैन के रूप में हुई है. वह सुपरनोवा की एक ऊंची इमारत में Airbnb के जरिए ठहरा हुआ था. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में युवक के कर्ज से परेशान होने की बात सामने आई है.
शुक्रवार को Airbnb में किया था चेक-इन
पुलिस के अनुसार, संभव जैन ने शुक्रवार को सुपरनोवा सोसाइटी में चेक-इन किया था और शनिवार को उसे चेक-आउट करना था. चेक-आउट से पहले ही उसने इमारत की 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
AC की मरम्मत करने पहुंचे लोगों ने रोकने की कोशिश की
घटना के समय पास के एक फ्लैट में कुछ लोग AC की मरम्मत का काम कर रहे थे. उन्होंने युवक को रोकने और समझाने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि इस दौरान संभव ने एक AC मैकेनिक से कहा कि वह डिप्रेशन में है.
लोगों ने उसे समझाने और वापस अंदर आने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना. घटना के कुछ क्षण पहले आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षा कर्मियों को भी सूचना देने की कोशिश की.
घटना का वीडियो भी सामने आया
घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक ऊंची इमारत की बालकनी के बाहर नजर आ रहा है. नीचे मौजूद लोग उसे देखकर घबराए हुए दिखाई दे रहे हैं और सुरक्षा कर्मियों को सूचना देने की बात कर रहे हैं. हालांकि, लोगों की कोशिशों के बावजूद युवक को बचाया नहीं जा सका.
पिता को भेजा था WhatsApp संदेश
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संभव ने आत्महत्या से पहले अपने पिता को WhatsApp पर संदेश भेजा था. बताया जा रहा है कि उसने संदेश में लिखा था कि वह जिंदगी नहीं जीना चाहता और आत्महत्या करने जा रहा है. उसने अपने इस फैसले के लिए खुद को जिम्मेदार बताया था.
पुलिस को शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि संभव कथित तौर पर कर्ज से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहा था. हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अब परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है और युवक के मोबाइल फोन तथा अन्य जानकारियों की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.


